राजपुर-बेलडांड़ की कोटे की दुकान निलंबित
बरहज। क्षेत्र के राजपुर-बेलडांड़ सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान को आपूर्ति विभाग ने निलंबित कर दिया है। उसे नौका टोला की दुकान से संबद्ध किया गया है। दुकान निलंबन की कार्रवाई से अन्य कोटेदारों में खलबली है। डीएम जेपी सिंह ने ग्रामीणों की शिकायत पर तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराई थी। अनियमितता पाई गई थी।
राजपुर-बेलडांड़ के ग्रामीणों ने 26 मई को जिलाधिकारी से कोटेदार की शिकायत की थी। सभी ने आपूर्ति निरीक्षक बरहज के बजाए अन्य अधिकारी से जांच कराने की मांग की थी। डीएम ने एआरओ फणीश्वर तिवारी के नेतृत्व में गौरीबाजार और बैतालपुर सप्लाई इंस्पेक्टर की तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए थे। ग्रामीणों का कहना है कि टीम ने 29 मई को 60-70 लोगों का बयान दर्ज किया था। एसडीएम गजेंद्र सिंह ने बताया कि अनियमितता मिलने पर राजपुर-बेलडांड़ के रामअधार प्रसाद की दुकान को निलंबित कर नौकाटोला की ऊषा मिश्रा की दुकान से संबद्ध किया गया है।