देवरिया। जनपद में 22 दिसंबर को प्रस्तावित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में गांधी सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में परीक्षा के निर्बाध, शुचितापूर्ण, सकुशल एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 दिसंबर को जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी, जिसमें कुल 8640 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के निष्पक्ष एवं सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए 21-21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 10 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट/स्टैटिक मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं। इस बार की परीक्षा में सीसीटीवी कैमरों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीकी का भी प्रयोग किया जा रहा है। एआई आठ तरह के अलर्ट उपलब्ध कराएगा।