देवरिया। जनपद में रविवार को दो पालियों में 21 केंद्रों पर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी। शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के जिला प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इसमें कुल 8640 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 दिसंबर को जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी, जिसमें कुल 8640 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के निष्पक्ष एवं सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए 21-21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 10 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट/स्टैटिक मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं। इस बार की परीक्षा में सीसीटीवी कैमरों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीकी का भी प्रयोग किया जा रहा है। एआई आठ तरह के अलर्ट उपलब्ध कराएगा। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि परीक्षा संचालन के दौरान पारदर्शिता एवं सख्ती का समुचित पालन किया जाएगा। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में सतत् भ्रमणशील रहते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र का बारीकी से निरीक्षण करेंगे। सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना अनिवार्य है तथा समस्त परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाएगी।