72 घंटे के भीतर करें गेहूं का भुगतान: एडीएम
देवरिया। एडीएम वित्त एवं राजस्व उमेश कुमार मंगला ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट कार्य कक्ष में गेहूं क्रय के प्रगति की समीक्षा की। क्रय एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे कृषकों से गेहूं खरीदने में किसी प्रकार की बहानेबाजी न करें। क्रय का भुगतान कृषकों के खाते में 72 घंटे के भीतर करना सुनिश्चित करें। सभी केंद्रों पर बोरा की पर्याप्त उपलब्धता है।
समीक्षा बैठक में क्रय एजेंसियों ने अबतक कुल 41993.25 मीट्रिक टन गेहूं खरीद के आंकड़े दिए गए। बताया गया कि 82 करोड 94 लाख का गेहूं क्रय किया गया है। इसके सापेक्ष 55 करोड 62 लाख धनराशि का भुगतान कृषकों के बैंक खातों में किया गया है। एडीएम ने शेष धनराशि का भुगतान शीघ्र किए जाने का निर्देश दिया। जिले में गेहूं खरीद के लिए 135 केंद्र खोले गए हैं। जिसमें सर्वाधिक पीसीएफ की 62, पीसीयू की 32, खाद्य निगम की 22, यूपीएसएस की 18, मंडी समिति के दो तथा केंद्रीय पूल भारतीय खाद्य निगम की एक क्रय एजेंसियां क्रियाशील हैं। इनके माध्यम से प्रतिदिन खरीदारी हो रही है। बैठक में नीरज तिवारी, विनय कुमार शुक्ल, अनुज कुमार गुप्ता, दिवाकर उपाध्याय, बलराम राय एवं डीपी सिंह जिला प्रबंधक पीसीएफ आदि मौजूद रहे।