मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल में रजिस्ट्रेशन काउंटर पर ब्लड जांच कराने के लिए खड़ी महिलाएं ।सं
मेडिकल कॉलेज में विभिन्न तरह की जांच के लिए लोगों को लगानी पड़ी लंबी लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को मरीजों की भीड़ से व्यवस्था लड़खड़ा गई। रजिस्ट्रेशन कराने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, ओपीडी की लाइन में काफी देर तक मरीज व उनके परिजन खड़े रहे। विभिन्न तरह की जांच कराने के लिए महिला अस्पताल में लंबी लाइन देखने को मिली। सबसे अधिक भीड़ बच्चों को दिखाने के लिए रही।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए मंगलवार को 1823 नए मरीज पहुंचे थे। कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में शहर से लेकर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा बिहार प्रांत के सीमावर्ती गांवों के लोग इलाज कराने आते हैं। वहीं, पुराने मरीज भी इलाज कराने पहुंचे थे। सुबह 10 बजे तक पर्ची के चारों काउंटरों पर लंबी कतारें लगीं थीं। इसके लिए लोगों को देर तक खड़ा रहना पड़ा। यहां हाल में पैर रखने की जगह तक नहीं थी। ओपीडी में भी अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ थी। अधिक भीड़ महिला अस्पताल के जांच केंद्र पर देखने को मिली। यहां रिपोर्ट लेने और जांच कराने वालों की संख्या पूरे दिन में करीब 567 रही है। सीएमएस डाॅ. एचके मिश्र ने बताया हर रोज से अधिक मरीजों की संख्या मंगलवार को रही। इस कारण मरीजों को इंतजार करना पड़ा।