रुद्रपुर। करीब दो लाख की आबादी के स्वास्थ्य की देखभाल की जिम्मेदारी वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर के ओपीडी में शनिवार को मरीज चिकित्सक का पता ढूंढते रहे।
अस्पताल में ओपीडी खुलने के बाद कक्ष में डॉक्टर के नहीं मिलने पर मरीज और तीमारदार परेशान दिखे। चिकित्सकों के नहीं रहने पर दवा वितरण केंद्र भी बंद मिला। करीब 11 बजे चिकित्सकों के पहुंचने पर मरीजों की जांच शुरू हुई। इमरजेंसी की ड्यूटी में लगे चिकित्सक को ओपीडी के मरीजों का भी मोर्चा संभालना पड़ा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार के बगल और दवा वितरण केंद्र के समीप गंदगी के कारण लोगों को नाक बंद कर आवाजाही करनी पड़ रही है। सुबह 10 बजे के पहले ही पर्ची बनवाने के लिए लोगों की कतार लग गई। ऑनलाइन पर्ची बनवाने के बाद मरीज ओपीडी में पहुंचे तो चिकित्सक का कक्ष बंद था। जिसके बाद वह इंतजार में बैठ गए। करीब 11 बजे चिकित्सकों के पहुंचने पर अचानक ओपीडी में दिखाने वालों की कतार लग गई। मरीज सावित्री देवी निवासी सिलहटा, राजकुमार निवासी टेढ़ा स्थान वार्ड, इसरावती निवासी मरकड़ी ने कहा कि पर्ची बनवाने से अधिक यहां चिकित्सक से मिलना कठिन है।