भाटपार रानी। नगर समेत क्षेत्र की जनता की बहुप्रतीक्षित मांग बेलपार रेलवे क्रॉसिंग संख्या 112-ए पर फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। शनिवार को मझौलीराज में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा की। घोषणा के बाद सभा में मौजूद भाटपाररानी क्षेत्र की जनता और विधायक सभाकुंवर ने करतल ध्वनि से मुख्यमंत्री का आभार जताया।
बता दें कि फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब 12628.87 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। फ्लाईओवर की सलेमपुर साइड में लंबाई 232 मीटर और भिंगारी साइड में 168 मीटर होगी। फुलवरिया साइड में भी 232 मीटर लंबाई का निर्माण प्रस्तावित है। रेलवे पोर्शन में मुख्य सेतु की लंबाई 76 मीटर होगी।
प्रस्तावित फ्लाईओवर दो लेन का होगा। मुख्यमंत्री की ओर से घोषणा किए जाने के बाद क्षेत्र के लोगों को अब कार्ययोजना के जल्द स्वीकृत होने की उम्मीद है।
जाम से मिलेगी राहत, आवागमन होगा आसान : फ्लाईओवर बनने के बाद बेलपार रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।