खुखुंदू। थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में बड़े बेटे ने अपने माता-पिता और छोटे भाई पर सोमवार रात करीब नौ बजे धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के दौरान मौके पर अफरातफरी मची रही। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर वह धमकी देते हुए भाग निकला। उधर, घायलों का नजदीक के अस्पताल में इलाज कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खुखुंदू क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी त्रिभुवन प्रसाद उम्र 60 वर्ष के बड़े बेटे सनी देओल की साढ़े तीन माह पहले शादी हुई है। त्रिभुवन का कहना है कि अभी शादी का कर्ज वैसे ही पड़ा है, बेटा बहू को लेकर अलग हो गया। एक माह से वह अलग रह रहा है। सारा कर्ज मैं मेहनत मजदूरी करके भर रहा हूं।
सोमवार की रात में कहासुनी होने पर छोटे बेटे ने बोर्ड से मोटर का तार निकाल दिया। इसी से नाराज होकर सनी देओल हमारे ऊपर धारदार हथियार से वार कर दिया। बीच बचाव करने पर पत्नी फूलझरी देवी उम्र 58 वर्ष पर भी हमला करते हुए उसका दाहिना हाथ फैक्चर कर दिया।
इतना ही नहीं छोटे बेटे राजकुमार उम्र 18 को भी मारापीटा है। त्रिभुवन का कहना है कि समय रहते पुलिस पहुंच गई, वरना वह किसी की जान ले लिया होता। पुलिस के पहुंचने के बाद वह धमकी देते हुए भाग गया। पीड़ित ने मंगलवार को थाने पहुंच कर तहरीर दी है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि तहरीर मिली है। मौके पर पुलिस पहुंची थी। आरोपी घर छोड़कर फरार है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।