पति ने पत्नी पर बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने का लगाया आरोप
बरहज। गोरखपुर जनपद के तिवारीपुर थाना क्षेत्र निवासी एक शख्स ने थाने में फरियाद की है। उसका आरोप है कि पत्नी ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी रचा ली है। मामले में थाने पर दिन भर पंचायत चली। लेकिन बात नहीं बन सकी।
पंचायत में युवक ने ससुरालियों पर पत्नी को विदा न करने के अलावा उसके मां का ढ़ाई लाख का जेवर हड़प लेने का आरोप लगाया है। पंचायत में एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप मढ़ा जा रहा था, लेकिन पत्नी ने पति के साथ ससुराल जाने से इंकार कर दिया। युवक का कहना है कि ससुराली सामान देने से मुकर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र निवासी युवक की शादी 23 मई 2013 को कपरवार चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से हुई थी। पुलिस को दी तहरीर में शख्स का कहना है कि पत्नी के भाई 11 जून 2021 को छोटी बहन की शादी बताकर विदा कराकर मायके ले आए थे। उसकी पत्नी साथ में अपना और परिवार के लोगों के जेवर, कपड़े लेकर आई थी। प्रभारी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। पता कराता हूं।