देवरिया। जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) की ओर से त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण को लेकर संशोधित सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। यह सूचना राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश के क्रम में जारी की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित पांडुलिपियों को तैयार कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी के कार्यालय में जमा किया जाएगा। साथ ही संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और निस्तारण की कार्रवाई 16 मार्च 2026 तक की जाएगी। इसके बाद 21 फरवरी से 16 मार्च तक पूरक सूचियों के कंप्यूटरीकरण, मूल सूची में सम्मिलन तथा मतदान केंद्रों/स्थलों के निर्धारण की कार्रवाई होगी।
वहीं 17 मार्च से 13 अप्रैल तक मतदाता सूचियों का अंतिम कंप्यूटरीकरण, मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, सूची की डाउनलोडिंग एवं फोटो प्रतियां तैयार की जाएंगी। इसके बाद निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल को जनसामान्य के लिए किया जाएगा।
संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और संबंधित कार्यालयों के सूचना पट पर भी कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाए। पुनरीक्षण अवधि में पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण हो सके।