सड़क पर जमा पानी में धान की रोपाई कर विरोध जताया।
- फोटो : अमर उजाला
मदनपुर। पकड़ी बाजार चौराहे पर बरसात का पानी जमा होने से राहगीर और दुकानदारों की दुश्वारियां बढ़ गई है। शुक्रवार को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जमा पानी में धान की रोपाई कर विरोध जताया। उन्होंने प्रशासन से नाला की खुदाई कराने की मांग की। पकड़ी बाजार में 10 वर्ष पहले करीब 20 लाख रुपये की लागत से नाला का निर्माण हुआ था।
कुछ दुकानदारों ने सड़क की पटरियों पर कब्जा करने के प्रयास से नाला पाटकर सड़क पर दुकान लगाना शुरू कर दिया है। ऐसे में अब बरसात और दुकानों से निकलने वाला पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। बरसात में सड़क पर जमा पानी के बीच से गुजरने पर गाड़ियों से उठने वाला गंदा पानी के छींटे से परेशान है।
हियुवा के तहसील अध्यक्ष नवीन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लगे पानी में धान की रोपाई की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पकड़ी बाजार चौराहे पर पाटे गए नालों की खुदाई कराने की मांग की गई थी, पर अब तक कोई पहल नहीं हुआ। सड़कों पर गंदा पानी एकत्र होने से राहगिरों को भारी नुकसान हो रहा है।
आए दिन सड़क के बीच वाहनों के फंस जाने से जाम लग जाता है। चौराहे के दुकानदारों की दुकानदारी चौपट हो रही है। उन्होंने दस दिनों में नालों की खुदाई नहीं होने पर तहसील में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस अवसर पर मुन्ना अहमद, तुलसी जायसवाल, धर्मेंद्र, रमेश पाल, सुरेश प्रजापति, शंभूनाथ वर्मा, रामसनेही आदि मौजूद रहे।