देवरिया। तीन दिन से आंधी और मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवा ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इस बारिश ने धान, मक्का, गन्ने और सब्जियों की फसल को व्यापक क्षति पहुंचाई है। शुक्रवार और शनिवार तक 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
अगस्त और सितंबर के पहले सप्ताह में कम मानसूनी बारिश से धान की फसल प्रभावित हुई थी। यह बारिश धान के लिए संजीवनी बनी, खेतों में पानी भर गया। हालांकि, आंधी से बालियां निकलने की अवस्था में धान की फसल जमीन पर गिर गई है।
इससे दाने काले पड़ने, सड़ने और पैदावार में कमी की आशंका है। मक्का की फसल वाले खेतों में पानी भरने से जड़ें उखड़ गईं। लौकी, भिंडी और बैंगन जैसी सब्जियाें की फसल भी खराब होने लगी है।
कृषि विज्ञान केंद्र मल्हना के प्रभारी डॉ. मांधाता सिंह ने बताया कि इस वक्त तेज हवा और बारिश खरीफ की फसलों के लिए हानिकारक है। धान की बालियां गिरने, मक्का, केले, अरहर तथा तिल की फसलों को नुकसान होगा। अरहर की जड़ें हिलने और पानी लगने से सूखने का खतरा है।