संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बहुचर्चित परमहंस हत्याकांड में सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव के भाई परसन यादव की गिरफ्तारी के बाद से सकरापार में तनाव का माहौल है। इसे देखते हुए पीएसी जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस मामले में नामजद तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
वारदात आठ जुलाई की रात की है, जब सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरापार टोला निवासी परमहंस प्रसाद को कुछ लोग घर से उठाकर ले गए और देर रात गंभीर पिटाई के बाद उसके घर के दरवाजे के पास फेंक दिया।
गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। परमहंस के बेटे सोनू कुमार की तहरीर पर पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष के बेटे सचिन यादव, भाई कुंजबिहारी यादव, परसन यादव और भतीजे अमरेंद्र यादव पर हत्या की धारा में केस दर्ज किया था।
पुलिस ने 30 जुलाई को परसन यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य तीन आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापे मार रही हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने एक अगस्त से ही सकरापार टोला में चार पीएसी जवानों की तैनाती कर दी है। मौजूद पीएसी जवानों ने बताया कि उनकी ड्यूटी सुबह नौ से रात नौ बजे तक रहती है और अग्रिम आदेश तक जारी रहेगी। घटना के बाद से गांव का माहौल तनावपूर्ण है, मगर पीएसी की तैनाती और पुलिस की सख्त निगरानी के चलते स्थिति शांत है।
कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पीएसी जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस भी गश्त कर रही है।