बरहज। परसियां-विशुनपुर देवार स्थित सरयू नदी तट पर बृहस्पतिवार की सुबह लोगों से भरी छोटी नाव डूबने लगी। इससे हड़कंप मच गया। किसी तरह पानी निकाल कर नाव को बचाया जा सका। इसके बाद नाव पर सवार लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, सरयू नदी तट से लोगों के आवागमन के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से पीपा पुल और उसके हटाने के बाद पावर वार्ज बोट से संचलन कराया जाता है। लोगों के अनुसार, विभाग की ओर से बिल भुगतान न होने पर ठेकेदार ने बृहस्पतिवार को पावर वार्ज बोट का संचलन बंद कर दिया। नाव के बंद होने से सुबह नदी घाट पर आने-जाने वालों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि इसी बीच एक छोटी नाव के पहुंचने पर उसमें सवार होने की लोगों में होड़ मच गई। ओवरलोड हो जाने से नाव डगमगा गई और उसमें पानी भर जाने से डूबने लगी। थोड़ी देर के लिए घाट पर अफरातफरी मच गई। संयोग रहा कि नाव किनारे लगी थी। जेई अखिलेश कुमार ने बताया कि ठेकेदार द्वारा नाव बंद किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल विभागीय भुगतान कर दिया गया है। े