गर्भवती के ऑपरेशन के नाम पर धनउगाही के मामले में हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग स्थित महिला अस्पताल में गर्भवती के ऑपरेशन के नाम पर रुपये वसूली के मामले में कार्रवाई की गई है। ओटी के पूरे स्टाफ को हटाकर नए कर्मियों की तैनाती की गई है। आउट सोर्सिंग स्टाफ नर्स सहित तीन कर्मियों का एक साल का इंक्रीमेंट कंपनी ने रोक दिया है।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल में गर्भवती के तीमारदार को रेफर करने की धमकी देकर एक से तीन हजार तक रुपये की वसूली की होती थी। इसकी शिकायत मिलने पर प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार बरनवाल ने आउट सोर्सिंग के नोडल अधिकारी व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजीत पाल से जांच कराई। जांच में शिकायत की पुष्टि हुई।
इसके बाद आउट सोर्सिंग कंपनी को पत्र लिखा गया। जिस पर कंपनी ने तीनों कर्मचारियों का एक साल का इंक्रीमेंट बाधित कर दिया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने ओटी इंचार्ज को इमरजेंसी में तैनात कर दिया। स्टाफ नर्स एससी त्रिपाठी ओटी की जिम्मेदारी दी गई है।
आउट सोर्सिंग की दो स्टाफ नर्स, दो मल्टीपरपज वर्कर की ड्यूटी दूसरी जगह लगा दी गई। साथ ही स्वीपर व वार्ड बॉय को भी हटा दिया गया। इन सभी के स्थान पर दूसरे कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि महिला अस्पताल के ओटी इंचार्ज सहित वहां तैनात सभी कर्मचारियों को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर दूसरे कर्मचारियों को तैनात किया गया है। अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। किसी भी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत मिली तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।