खुखुंदू। आर्केस्ट्रा संचालक ने कार्यक्रम के बाद रुपये मांगने पर नर्तकी व उसके पति की लोहे की राड से पिटाई कर सिर फोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख वह मौके से भाग निकला। वारदात रविवार देर रात खुखुंदू चौराहे के जैन मंदिर रोड की बताई जा रही है। पीड़िता ने इलाज कराने के बाद सोमवार को थाने पहुंचकर पुलिस से संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खुखुंदू जैन मंदिर रोड स्थित एक आर्केस्ट्रा संचालक अपने अन्य साथियों संग किराए पर कमरा लेकर रहता है। वहीं नर्तकी प्रिया अपने पति अमरजीत के साथ अलग कमरे में रहती है। जन्माष्टमी के अवसर पर आर्केस्ट्रा संचालक ने नर्तकी से डांस का कार्यक्रम कराया और उसकी मजदूरी रोक लिया। रविवार को दिन में नर्तकी प्रिया ने संचालक से रुपये मांगे तो उसने शाम को देने के लिए कहा। समय बीतने के बाद भी संचालक ने रुपये नहीं दिए।
वह काफी रात में कहीं से आया। प्रिया उससे पैसे मांगी तो बोला अभी देता हूं। उसने बताया कि इसके बाद मैं अपने कमरे में चली गई। आरोप है कि कुछ देर बाद दरवाजा खटखटाते हुए संचालक ने कहा दरवाजा खोलो और रुपये ले लो। जैसे ही दरवाजा खोली उसने लोहे की राड से सिर पर वार कर दिया।
जिससे जमीन पर गिर पड़ी। पति अमरजीत बीच-बचाव करने पहुंचा तो हमलावर ने उसे भी मारापीटा। पीड़िता ने बताया कि संचालक धमकी दे रहा है। समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हमारे साथ कोई भी अनहोनी हो सकती है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी संचालक कहीं फरार है। उससे पीड़िता के पैसे दिलवाए जाएंगे और आवश्यक कार्रवाई भी होगी।