शहर के मालवीय रोड पर सराफा कारोबारियों ने भैस के सामने बीन बजाकर विरोध जताया।
देवरिया में सराफा मंडल और स्वर्णकार संघ का विरोध प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। कारोबारियों ने विरोध स्वरूप भैंस के आगे बीन बजाया। उनका कहना था कि केंद्र सरकार अपने वादे से पलट गई है। अलगावादी ताकतों से बातचीत और व्यापारियों से इनकार पर सरकार की आलोचना की। सपा विधायक शाकिर अली ने आंदोलन का अपना समर्थन दिया।
शहर के मालवीय रोड ओवरब्रिज स्थित धरनास्थल पर सराफा व्यापारी शनिवार को भैंस लेकर आए और सरकार की नीतियों के विरोध में भैस के आगे बीन बजाया। सपा विधायक शाकिर अली ने कहा कि बीजेपी सरकार की असलियत सामने आ गई है। कुटीर धंधे के रुप में विकसित स्वर्णकारों की दुकान को बंद करना चाहती है। दरअसल सरकार औद्योगिक घरानों के इशारे पर काम कर रही है। ताकि गांव और गलियों में बड़ी कंपनी की शो-रूम खुल सके और औद्योगिक घराने लाभ कमा सकें।
पूर्व विधायक सुबाष चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि बीजेपी ने यूपीए के कार्यकाल में कानून को व्यापारी विरोधी बताया था, लेकिन सरकार में आते ही उत्पाद शुल्क के बारे में विचार बदल गया। केंद्र सरकार का रवैया बेहद गलत है। वह अलगाववादी ताकतों से बातचीत कर रही है लेकिन पिछले 26 दिनों से धरना दे रहे कारोबारियों की सुध तक नहीं ली है। इससे व्यापारियों में सरकार के खिलाफ गुस्सा है। सभा को अजय वर्मा, संतोष बरनवाल, राजेश सराफ, ध्रुवदेव यादव, भरत, पंकज वर्मा, रमेश वर्मा, संजू सोनी आदि ने संबोधित किया।