सलेमपुर। देवरिया उर्फ शामपुर की एक महिला का एटीएम कार्ड बदल कर जालसाज ने खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। दूसरे दिन मैसेज आने पर जानकारी हुई तो महिला ने इसकी शिकायत बैंक व कोतवाली पुलिस से की। कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर पर अज्ञात पर केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
देवरिया उर्फ शामपुर के इमामुद्दीन की पत्नी जमीला खातून का बचत खाता सेंट्रल बैंक आफ इंडिया शाखा नवलपुर में है। इस खाते से उनके नाम पर एक एटीएम कार्ड जारी हुआ है। उनकी मर्जी से उनकी बहू शायदा खातून पत्नी अमीरुद्दीन खान एटीएम कार्ड लेकर सात अक्तूबर को दोपहर 12 बजे सलेमपुर कोतवाली के बगल स्थित स्टेट बैंक शाखा सलेमपुर के सटे एटीएम बूथ पर रुपये निकालने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वहां एक अनजान लंबे कद का व्यक्ति पहले से खड़ा था। शायदा रुपये निकाल रहीं थीं, लेकिन रुपये नहीं निकल पा रहे थे। अनजान खड़े व्यक्ति ने शायदा को झांसा देकर मदद करने की बात कही और एटीएम कार्ड को बदलकर उसी तरह का दूसरा कार्ड वापस कर दिया।
इसके बाद छह बार में अकाउंट से 60 हजार रुपये निकाल लिए गए। अगले दिन आठ अक्तूबर को चालीस हजार रुपये बेतिहाता गोरखपुर से निकाले गए। दूसरे दिन मैसेज आने पर शायदा ने कस्टमर केयर से बात की तो घटना की जानकारी हुई। कोतवाल उमेश कुमार बाजेपेई ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।