देवरिया जिले में खुखुंदू थाना क्षेत्र के सरया स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार देर-रात हुए सड़क हादसे में जहां एक युवक की जान चली गई, वही दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
भटनी थाना क्षेत्र के वीरसिंहपुर निवासी सूर्य मोहन यादव (19) नूरीगंज निवासी अपने दोस्त विकास प्रसाद (21) के साथ शुक्रवार रात को देवरिया किसी तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने गया था। बाइक से शुक्रवार देर रात को दोनों अभी खुखुंदू सरया स्थित पेट्रोल पंप के पास ही पहुंचे थे कि किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
इसे भी पढ़ें: लालच में कातिल बना बेटा: संपत्ति को लेकर हुआ विवाद बेटे ने बुजुर्ग पिता को उतारा मौत के घाट
तेज टक्कर की आवाज सुन मौके पर आसपास के लोग पहुंच गए। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया। जहां सूर्य मोहन को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया और विकास की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मृतक और घायल युवक दोनों परिवारों को दे दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज किया जाएगा।