अवैध बालू ले जा रहे ट्रैक्टर चालक ने किसान को कुचला, हालत नाजुक
लार। सहियां व तकिया धरहरा गांव के सामने अवैध बालू लेकर जा रहे ट्रैक्टर चालक ने एक किसान को कुचल दिया। आवाज सुनकर पहुंचे परिवारवालों को देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। घायल किसान का इलाज मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
तकिया सहियां धरहरा गांव के सामने सरयू नदी के डेंजर जोन में पौ फटने से पहले माफिया बालू का अवैध खनन करते हैं। इससे गांव के सामने नदी तेजी से कटान कर रही है। इलाके के लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार की अल सुबह सहियां के किसान हरी यादव मक्के की खेत की रखवाली करने नदी तट की तरफ जा रहे थे।
इसी दौरान वह चोरी से लाइट बुझाकर बालू लेकर नदी की तरफ से आ रही ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार वाले उन्हें लेकर सीएचसी लार पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ले ली है। प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।