देवरिया में कोरोना से एक व्यक्ति की मौत, 102 मिले पॉजिटिव
देवरिया। जनपद में सोमवार को कोरोना से एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं 102 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में पॉजिटिव की संख्या 19681 हो गई है। एक्टिव केस 1391 पहुंच गया है। जबकि 18111 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अब तक 179 लोगों की मौत हो चुकी है। होम आइसोलेशन में 1221 लोग हैं। जिला चिकित्सालय परिसर स्थित एमसीएच विंग एल 2 अस्पताल में 55, सीएचसी गौरीबाजार में एक तथा चार निजी अस्पतालों में 12 लोगों का इलाज चल रहा है।
जनपद में कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है। हर रोज संक्रमित मिल रहे हैं। वहीं लोग काल के गाल में समा रहे हैं। कोरोना कर्फ्यू के बावजूद लोग बेपरवाह हैं और सड़कों पर घूम रहे हैं। एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सावित्रि अस्पताल में चार, आस्था में छह, जिला अस्पताल में 55, सीएचसी गौरीबाजार में एक, स्टार एवं वेदांक अस्पताल में भर्ती एक-एक मरीज का इलाज चल रहा है। सभी अस्पतालों में बेड खाली है। सैंपलिंग के साथ ही अन्य जांच बढ़ा दी गई है। लोगों से मॉस्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा 45 वर्ष के ऊपर के लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की जा रही है।
टीकाकरण की रफ्तार धीमी, 1784 लोगों को लगा वैक्सीन
देवरिया। जनपद में टीकाकरण केंद्रों पर लोगों के नहीं पहुंचने से रफ्तार धीमी हो गई है। वहीं एप पर रजिस्ट्रेशन करने व वेस्टेज रोकने के विभाग के प्रयास का भी वैक्सीनेशन पर असर पड़ रहा है। केंद्रों पर दस लोगों के होने के बाद ही वैक्सीन की डोज देने की बात कही जा रही है। कुछ केंद्रों पर घंटों इंतजार के बाद लोग वापस लौट जा रहे हैं तो कुछ लोग टीकाकरण को लेकर लापरवाह बने हुए हैं, बारी आने के बाद भी घर से नहीं निकल रहे हैं।
जनपद के 72 केंद्रों पर सोमवार को कोविड टीकाकरण हुआ। इन केंद्रों पर 466 बुजुर्गों, 45 वर्ष से ऊपर के 1146 लोगों, दो हेल्थ केयर वर्कर, 26 फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन की प्रथम तथा 144 लोगों को द्वितीय डोज दी गई। लक्ष्य 5740 के सापेक्ष 1784 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। कुल उपलब्धि 31.08 प्रतिशत रही।