देवरिया। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक हुई। जनपद में संचालित पोषण संबंधी कार्यक्रमों की प्रगति, कुपोषित बच्चों एवं एनीमिया से प्रभावित महिलाओं की स्थिति तथा विभागीय समन्वय की समीक्षा की गई।
अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर डीएम मधुसूदन हुल्गी ने लार, सलेमपुर और रुद्रपुर के बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) तथा संबंधित सुपरवाइजर का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे होम विजिट, आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली गई। डीएम ने सीडीपीओ को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के किए गए वजन का सत्यापन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कम से कम 20-20 आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित की जाए।