मतगणना के लिए एसएसबीएल इंटर कॉलेज में की गई बैरिकेडिंग।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। विधानसभा चुनावी महासमर में शनिवार की सुबह वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। दिन में करीब 10 बजे से रुझान आने लगेंगे। पहले बैलेट पेपर से पड़े वोटों की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम खुलने लगेंगे। सबसे पहले सलेमपुर सुरक्षित सीट का परिणाम आने की उम्मीद है। यहां सिर्फ नौ प्रत्याशी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।
सबसे देर से देवरिया सदर और भाटपाररानी विधानसभा सीट के परिणाम आएंगे। क्योंकि मतगणना स्थल पर जगह की कमी के कारण इन दो सीटों के लिए टेबल की संख्या घटा दी गई है। प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां मुकम्मल कर ली गई है। शुक्रवार को दिन भर आला अफसर मतगणना स्थल पर माथापच्ची करते देखे गए। फैसले की घड़ी करीब आते ही प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ गई हैं।
जिले में सात विधानसभा देवरिया सदर, भाटपाररानी, रुद्रपुर, बरहज, रामपुर कारखाना, पथरदेवा, सलेमपुर सुरक्षित से 91 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। शहर के एसएसबीएल इंटर कॉलेज में आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना में लगे कर्मचारियों को पहले पहुंचना होगा। मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। बिना पास के किसी को भी आने की इजाजत नहीं मिलेगी।
इस कारण शनिवार को ट्रैफिक प्लान बदल जाएगा। ओवरब्रिज से कोऑपरेटिव चौराहे तक आवागमन ठप रहेगा। अबुबकर नगर, कैलाशपुरी मोहल्ले को जोड़ने वाली सड़क पर पुलिस तैनात रहेगी।