बरईपट्टी के युवक की सड़क हादसे में हुई मौत
- जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर में डंपर की चपेट में आई बाइक
देवरिया/बंजरिया बाजार। जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर इलाके में सड़क हादसे में तरकुलवा के बरईपट्टी गांव निवासी और कृषि विभाग के कर्मचारी सत्येंद्र यादव की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार और गांव के कुछ लोग शव लेने जौनपुर गए। पोस्टमार्टम के बाद परिवारवाले देर शाम शव लेकर गांव आए।
तरकुलवा थानाक्षेत्र के बरईपट्टी गांव निवासी श्यामबदन यादव के बेटे सत्येंद्र यादव 35 कौशांबी जिले में कृषि विभाग में तकनीकी सहायक पद पर कार्यरत थे। बुधवार की सुबह वह अल्लीपुर मड़ियाहू के रहने वाले शनि सरोज 30 को लेकर बाइक से गांव आ रहे थे। जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर इलाके में मुख्य मार्ग पर पीछे से आ रहे गिट्टी लदे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दिया। पीछे बैठा शनि सरोज छिटककर दूसरी तरफ गिर गया, लेकिन सत्येंद्र बाइक समेत डंपर के नीचे आ गए। उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह सूचना परिवारवालों को मिली तो कोहराम मच गया। सत्येंद्र के पिता श्यामबदन, मां पुरनी देवी, पत्नी प्रेमशीला, बेटा शिवम, बेटी शिखा, बहन नीलम और गंगोत्री का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सत्येंद्र के मौत की खबर सुनकर गांव और इलाके के लोग एकत्र हो गए। ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, समाजवादी नेता परवेज आलम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ब्रह्म यादव, भाजपा नेता जीवन पति त्रिपाठी आदि ने परिवारवालों से मिलकर सांत्वना दी।
राखी बंधवाने का सपना रह गया अधूरा
सोमवार को रक्षाबंधन का त्योहार है। सत्येंद्र ने अपनी बहनों नीलम और गंगोत्री से वादा किया था कि छुट्टी लेकर राखी बंधवाने आऊंगा। किसी को क्या पता था कि ऐसा हो जाएगा। जब हादसे में सत्येंद्र के मौत की खबर मिली तो बहन नीलम और गंगोत्री के आंख से आंसू रूकने का नाम नहीं ले रहे थे।