देवरिया। देवरिया-कसया मार्ग पर पुरूषोत्तमपुर मोड़ के पास बुधवार की सुबह टहलने निकले एक वृद्ध को पिकअप ने ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। बाइक सवार युवकों ने पीछा कर रघवापुर के पास वाहन चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर तिवारी गांव निवासी सुभाष तिवारी (65) बुधवार की सुबह देवरिया-कसया मार्ग पर टहल रहे थे। वह पुरुषोत्तमपुर मोड़ पर पहुंचे थे कि कसया की ओर से आ रही पिकअप ने ठोकर मार दी, जिससे उनके सिर और चेहरे पर चोट लग गई। राहगीरों के शोर मचाने पर चालक वाहन को लेकर देवरिया की ओर भागने लगा। बाइक सवार युवकों ने पिकअप को सदर कोतवाली के रघवापुर में रोक लिया और लोगों की मदद से चालक को पकड़ पुलिस को सौंप दिया। परिजनों ने घायल सुभाष तिवारी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। संवाद