देवरिया। मईल थाना क्षेत्र के छित्तूपुर गांव निवासी मुसाफिर यादव (55) सोमवार की सांय भागलपुर से टेबल फैन लेकर घर आए थे। पंखे में लगा तार कटा होने के कारण उसमें बिजली प्रवाहित हो रही थी। जिससे वह करंट की जद में आ गए और बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। जिन्हें इलाज के लिए भागलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकाें ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छित्तुपुर गांव निवासी मुसाफिर देर शाम को कमरे में टेबल फैन लगा रहे थे। इसी बीच उनका पैर तार में फंस गया। तार नंगा होने के कारण वह बिजली के चपेट में आ गए और जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। उन्हें गिरता देख परिवार के लोग बिजली काट कर इलाज के लिए ले गए। जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई। पति के मौत की जानकारी होने पर पत्नी उर्मिला देवी पछाड़ खाकर गिर पड़ीं। वह दहाड़ें मारने लगीं। मुसाफिर की मौत से सभी हतप्रभ थे। लोगों के अनुसार वह दिन में दुकान से पंखा बनवाकर घर लाए थे। उन्हें क्या पता था कि यह उनका काल बन जाएगा। मुसाफिर के दो पुत्र और दाे पुत्रियां है।