सलेमपुर। मझौली राज के बाबा दीर्घेश्वरनाथ मंदिर पर महाशिवरात्रि को चल रही तैयारी को देखने शनिवार को एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह और एडिशनल एसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह मंदिर परिसर पहुंचे। जहां मेला की सुरक्षा और व्यवस्था के बारे में मंदिर के महंथ जगन्नाथ महराज से जानकारी ली।
बाबा दीर्घेश्वर नाथ मंदिर पर महाशिवरात्रि को लेकर रविवार की भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसके लेकर मंदिर प्रशासन पिछले एक सप्ताह से सफाई व्यवस्था में जुटा हुआ था। मंदिर समिति की माने तो यहां शिवरात्रि के दिन 50 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा दीर्घेश्वर नाथ पर जलाभिषेक करते हैं। इसकाे देखते हुए शनिवार को एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एडिशनल एसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, सीओ मनोज कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार चतुर्वेदी मंदिर परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एडीएम प्रशासन ने मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।