सीएमएस व नोडल अधिकारी ने पीआईसीयू, एसएनसीयू का किया निरीक्षण
हर शिफ्ट में दो बार लें बच्चों का तापमान, सफाई पर दें ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस और पीआईसीयू व एसएनसीयू के नोडल अधिकारी ने सोमवार को दोपहर बाद निरीक्षण किया। इसमें बिना ड्रेस में एक स्टाफ नर्स के मिलने पर चेतावनी दी। जबकि हर शिफ्ट में बच्चों का कम से कम दो बार तापमान लेकर दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था को और ठीक करने व कर्मचारियों को सफाई रखने के निर्देश दिए।
सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा और नोडल अधिकारी डॉ. आरके श्रीवास्तव पीआईसीयू में पहुंचे। यहां डॉक्टर और स्टाफ नर्स ड्यूटी पर मुस्तैद दिखी। उन्होंने स्टाफ नर्स को मरीजों की अच्छी तरह से देखभाल करने तथा तीमारदार को दवा सेवन की मात्रा, समय आदि के बारे में अच्छी तरह समझाने के लिए कहा। उन्होंने हर शिफ्ट में प्रत्येक मरीज का दो बार तापमान दर्ज करने के निर्देश दिए। कुछ तीमारदारों ने खराब एसी के बारे में कहा।
उन्होंने बताया कि एसी बनने की प्रक्रिया में है। कुछ को ठीक कराया गया है। जल्द ही अन्य भी ठीक हो जाएगा। इसके बाद एचसीएच विंग स्थित एसएनसीयू पहुंचे, जहां एक स्टाफ नर्स ड्रेस में नहीं मिली। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए चेतावनी दी और सभी को ड्यूटी पर ड्रेस में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिशुओं के इलाज में सतर्कता बरती जाए। हाथ साफ कर ही इलाज करें। उन्होंने वार्ड में सफाई के निर्देश दिए। यहां डॉक्टर और कर्मी मौजूद मिले।