बैठक में अनुपस्थित तीन अधिकारियों को नोटिस
सीडीओ ने की मुख्यमंत्री के विकास प्राथमिकता से संबंधित कार्यों की समीक्षा
पेेंशन में शत-प्रतिशत आधार सीडिंग कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मुख्यमंत्री की विकास से संबंधित प्राथमिकता वाले कार्यों की बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार ने विकास भवन के गांधी सभागार में समीक्षा की। अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण परियोजना प्रबंधक सेतु निगम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद के बिना किसी कारण बताए बैठक में अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन व दिव्यांग पेंशन में आधार सीडिंग की प्रगति खराब पाई गई। जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी जिला दिव्यांगजन अधिकारी को शत-प्रतिशत आधार सीडिंग पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
ऑपरेशन कायाकल्प एवं महिला निराश्रित पेंशन योजना की प्रगति खराब पाए जाने पर जिला विकास अधिकारी को मॉनीटरिंग अधिकारी नियुक्त करने एवं प्रत्येक सप्ताह रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने शहरी प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति को बढ़ाने के लिए परियोजना अधिकारी, डूडा को निर्देश दिए। श्रम एवं स्वत: रोजगार के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा में मानव दिवस की प्रगति बढ़ाने के लिए कहा गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी को सामूहिक विवाह में समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। सहायक निबंधक (सहकारी समितियों) को दीर्घकालीन ऋण वसूली की खराब प्रगति मिलने पर स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अवशेष 67 पंचायत भवनों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने तथा जिन ग्राम पंचायतों में भूमि उपलब्ध नहीं है। वहां के प्रस्ताव मंगवाने लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए गए। सहायक अभियंता, (ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ) को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में एक सड़क का अनुबंध नहीं मिला। इसके लिए शीघ्र प्रयासकर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में धनराशि कम व्यय मिली। सीडीओ ने धनराशि को समय से व्यय कराने के लिए सहायक निदेशक मत्स्य को निर्देश दिए। प्रबंधक, दुग्ध विकास को पुनर्गठित समितियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कौशल विकास मिशन की प्रगति खराब पाए जाने पर प्राचार्य, आईटीआई को प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।