तरकुलवा। विकासखंड में बिना मान्यता एवं मान्यता से अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर रहे विद्यालयों की खंड शिक्षा अधिकारी ने बृहस्पतिवार को जांच कर नोटिस जारी की। बीईओ ने इस तरह के विद्यालयों का संचालन तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा बच्चों को लाने और ले जाने वाले वाहनों की भी जांच की गई। किसी तरह की शिथिलता पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बेसिक शिक्षा विभाग ने बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इसके तहत खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार ओझा ने स्वतंत्र मिशन सेंट्रल एकेडमी सिसवा नारायणपुर की जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि इस विद्यालय को आठवीं कक्षा तक मान्यता प्राप्त है, लेकिन गैर कानूनी ढंग से उच्च स्तर की कक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। इसके अलावा उन्होंने वेदांत इंटरनेशनल स्कूल देउरवा का निरीक्षण किया, जहां कक्षा 5 तक की मान्यता प्राप्त है लेकिन मान्यता से इतर कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।
इसके साथ ही विद्यालय द्वारा मानक विहीन वाहनों का संचालन भी किया जा रहा था। इस क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी ने ग्राम पंचायत मुसहरी में बिना नाम के एक गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालित होता पाया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि ड्रीम डिफेंस एकेडमी नारायणपुर को कक्षा 5 तक की मान्यता प्राप्त है विद्यालय में मान्यता से अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। यहां भी मानक के विपरीत वाहनों का संचालन पाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों को नोटिस जारी कर गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों का संचालन एवं अतिरिक्त कक्षाओं के संचालन पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया। अन्यथा की स्थिति में उन्होंने आरटीआई एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी।