सदर रेलवे स्टेशन पर महाकुंभ स्पेशल में चढ़ते यात्री। संवाद
देवरिया/भटनी। माघ पूर्णिमा के अवसर पर महाकुंभ में जाने वालों श्रद्धालुओं की रेलवे स्टेशनों पर भीड़ जुट रही है। ऐसे में लोग आसानी से ट्रेन में सीट मिलने के लिए देवरिया व भटनी ही नहीं, बल्कि गोरखपुर रेलवे स्टेशन भी पहुंच जा रहे हैं। वहां से मेला स्पेशल व अन्य ट्रेनें प्रयागराज जाने को पकड़ रहे हैं। इससे गोरखपुर से वाराणसी जाने वाली ट्रेनों में काफी भीड़ हो रही है। लोगों की भीड़ और इस रूट से बिहार के लोगों को प्रयागराज जाने के लिए रेलवे से झूसी रिंग रेल के नाम से दो जोड़ी ट्रेनें चलाई हैं। हालांकि इसके बावजूद भी जाने वालों को राहत नहीं मिल पा रही है। सोमवार को महाकुंभ से आने-जाने वाली ट्रेनों के अलावा वाराणसी से आने वाली ट्रेनें दो से पांच घंटे की देरी से अपने गंतव्य को पहुंची। इससे रेल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रयागराज में महाकुंभ के चलते ट्रेनों में भारी भीड़ हो रही है। गोरखपुर व भटनी से कई मेला स्पेशल चलाए जाने के बावजूद लोगों को ट्रेनों में भीड़ से राहत नहीं मिल रही है। स्पेशल ट्रेनों में जगह नहीं मिलने पर लोग अन्य ट्रेनों में सवार होकर महाकुंभ में जा रहे हैं।
इससे आरक्षित श्रेणी में सफर कर रहे यात्रियों को अपनी सीट पर बैठने को जगह नहीं मिल रही है। ट्रेनों में भीड़ देखकर आसानी से सीट मिलने के लिए लोग गोरखपुर से चलने वाली वाराणसी रूट की ट्रेनों में बैठकर यात्रा कर रहे हैं। वहीं महाकुंभ में जाने वाले लोगों की दिक्कत करने को रेलवे ने झूसी रिंग मेला स्पेशल ट्रेन भी चलाया है, जो माधोसिंह रेलवे स्टेशन से चलकर वाराणसी, मऊ, भटनी, सिवान, थावे, गोपालगंज, छपरा, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी के रास्ते पुनः झूसी पहुंच रही है। दो जोड़ी में चलने वाली इस ट्रेन से लोग महाकुंभ मेला में पहुंच रहे है। मेला स्पेशल ट्रेनों के चलने से वाराणसी रूट पर चलने वाली ट्रेनें काफी विलंब से चल रही हैं।