रामपुर कारखाना। नगर पंचायत की सोमवार को प्रस्तावित बोर्ड की बैठक में एक भी सभासद के नहीं पहुंचने के कारण कोरम के अभाव में स्थगित करनी पड़ी। उधर डीएम मधुसूदन हुल्गी से भी इस्तीफा देने वाले सभासदों ने 17 बिंदुओं पर जांच की मांग की थी। डीएम ने जांच टीम गठित कर दी है।
अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी की कार्यप्रणाली से नाराज 10 निर्वाचित और दो मनोनीत सदस्यों के सामूहिक इस्तीफे के बाद नगर पंचायत में पहले से ही गतिरोध बना हुआ है। अध्यक्ष शिवकुमारी देवी ने सात सितंबर को बोर्ड की बैठक बुलाई थी। बैठक में किसी भी सदस्य के शामिल नहीं होने से कोरम पूरा नहीं हो सका और बैठक स्थगित करनी पड़ी। सदस्यों के सामूहिक इस्तीफे के मामले में मंडलायुक्त तक पहुंच गया है।
अधिशासी अधिकारी रोहित पांडेय ने बताया कि सोमवार को आयोजित बोर्ड की बैठक में एक भी सदस्य उपस्थित नहीं हुआ। सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी।