दोहा कतर में क्वारंटीन हैं रुद्रपुर के पारस, केंद्र सरकार से लगाई गुहार
बांसगांव के सांसद ने लिखी विदेश मंत्रालय को चिट्ठी
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर(देवरिया)। मैं जन्म से शाकाहारी हूं पर जीवन बचाने को मांसाहार कर रहा हूं। मेरा जमीर मरता जा रहा है। मुझे भारत बुला लिया जाए नहीं तो अवसाद से मेरी मृत्यु हो जाएगी। यह गुहार केंद्र सरकार से दोहा कतर में फंसे रुद्रपुर तहसील के बर्दगोनिया गांव निवासी पारस यादव ने आडियो मैसेज के माध्यम से लगाई है।
वह दोहा कतर में मजदूरी करते हैं। उन्हें 15 दिनों से वहां के एक क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। वहां उन्हें दोनों वक्त बिरयानी परोसी जा रही है। सेंटर में शाकाहारी भोजन की व्यवस्था नहीं होने से जान बचाने को मांसाहार करना पड़ रहा। उन्होंने कहा कि वहां मेडिकल जांच की व्यवस्था काफी लचर है। बुखार होने पर क्वारंटीन सेंटर गए अब बुखार ठीक हो गया है। लेकिन उन्हें क्वारंटीन सेंटर से बाहर नहीं निकाल रहे। जल्द देश वापसी नहीं हुई तो मांसाहार मेरी जान ले लेगा। इस संबंध में भाजपा के मंडल अध्यक्ष सुनील निषाद ने बांसगांव के सांसद कमलेेश पासवान से मिलकर पारस की मदद करने की अपील की। सांसद ने विदेश मंत्रालय और जिलाधिकारी देवरिया को पत्र लिखकर पारस की देश वापसी कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय को सूचना दे दी गई है। उनके दोहा कतर से लाने का प्रबंधन किया जा रहा है।