नहीं अंकुरित हुआ गेहूं का बीज, गोदाम पर किसानों का हंगामा
लार (देवरिया)। गेहूं का बीज अंकुरित नहीं होने से नाराज किसानों ने घटिया बीज देने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को बीज गोदाम पर हंगामा कर दिया। किसानों ने खराब हुए बीज का मूल्य वापस मांगा। मामला बढ़ता देख गोदाम के सचिव ने किसानों को शांत कराकर समस्या की शिकायत जिला कृषि अधिकारी से की। आश्वासन के बाद किसान शांत हुए।
गेहूं की बुआई शुरू हो चुकी है। किसान गेहूं के बीजों की क्वालिटी परख खेतों में डाल रहे हैं। ताकि अच्छी फसल लग सके। नगर के पिपरा वार्ड के किसान चंद्रभूषण सिंह, जय प्रकाश सिंह, सुबाष सिंह, ओमप्रकाश सिंह, ठाकुर गौरी के किसान सुग्रीव 15 दिन पहले राजकीय बीज गोदाम चनुकी मोड़ से 2967 गेहूं बीज की खरीदारी कर खेतों में डाला। आरोप है कि 15 दिन के बाद भी बीज खेतों में अंकुरित नहीं हुआ है। इससे परेशान किसान शुक्रवार को चंद्रभूषण सिंह के साथ गोदाम पर पहुंचे। घटिया बीज देने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। किसानों ने दिए हुए बीज का मूल्य वापस मांगने लगे।
मामला बढ़ता देख बीज गोदाम के सचिव सुबाष विश्वकर्मा ने नाराज किसानों को शांत कराकर मामले की जानकारी जिला कृषि अधिकारी मो. मुजम्मिल को दी। कृषि अधिकारी ने मामले की जानकारी लेते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया। सचिव सुबाष विश्वकर्मा ने बताया कि एक लाट बीज खराब आई है। जिससे बीज अंकुरित नहीं हुई है। किसानों की समस्या का समाधान जल्द करा दिया जाएगा।