महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में मरीजों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में पैथोलॉजी रिपोर्ट के लिए मरीजों को इंतजार नहीं करना होगा। अब उनके मोबाइल पर भी ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगा। इसके लिए उन्हें अपलोड करना होगा। इसके व्यवस्था के शुरू होने से मरीजों व तीमारदारों को सहूलियत होगी।
मेडिकल कॉलेज के ओपीडी के विभिन्न विभागों से डॉक्टर हर रोज करीब आठ मरीजों को ब्लड जांच के लिए लिखते हैं। यहां काउंटर पर रजिस्ट्रेशन और रिपोर्ट लेने के लिए लंबी कतार लगती है। मरीजों व तीमारदारों को रिपोर्ट लेने के लिए एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। मरीजों की सहूलियत के लिए एचएमआईएस की ओर से आन लाइन रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। आन लाइन व्यवस्था के तहत मरीज को मोबाइल पर यूपीएचएमआईएस एचआईएस पोर्टल खोलना होगा। इसके बाद पर्ची का सीआर नंबर डालना होगा। उसके बाद पर्ची पर रजिस्टर्ड मोबाइल पर ओटीपी जाएगी। इसके बाद ब्लड रिपोर्ट डाउन लोड किया जा सकता है। इस व्यवस्था के शुरू होने से मरीजों को रिपोर्ट लेने में आसानी होगी।
सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि आन लाइन ब्लड जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की गई है। रिपोर्ट मोबाइल पर मरीज ले सकते हैं।