28 मतदेय स्थलों पर नहीं है बिजली की व्यवस्था
देवरिया। उप चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है। तैयारियों को लेकर जिम्मेदार बेपरवाह हैं। 28 मतदेय स्थलों पर बिजली की व्यवस्था नहीं है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने चार अक्तूबर को ही बिजली निगम को पत्र भेजा था। जिसमें नौ अक्तूबर तक चिह्नित मतदेय स्थलों पर बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। निर्देश की अवधि पूरा हुए पांच दिन गुजर गए, लेकिन निगम ने अभी तक अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। दर्जन भर से अधिक मतदेय स्थलों पर अंधेरा पसरा है।
सदर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उप चुनाव के लिए कुल 184 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें एक चौथाई मतदेय स्थल ऐसे हैं, जहां पहले से मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कहीं पानी की व्यवस्था नहीं है तो कहीं शौचालय की समस्या। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से तैयार किए गए मतदेय स्थलों की सूची में 28 जगहों पर बिजली आपूर्ति नहीं है। 14 जगहों पर विद्यालय के गेट के सामने पोल लगा है, लेकिन कनेक्शन नहीं है।
उप निर्वाचन अधिकारी राकेश पटेल ने बिजली निगम को पत्र भेजकर सभी जगहों पर आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया था। कार्य पूरा कराने की जानकारी नौ अक्तूबर तक लिखित रूप से मांगी थी। एक्सईएन रामसेवक राम ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर चिह्नित मतदेय स्थलों पर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। कुछ जगहों पर काम पूरा कर लिया गया है।