फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: परिषदीय विद्यालयों में कहीं बच्चे नदारद तो कहीं अनुदेशक

Tue, 30 Jun 2026 01:02 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
देवरिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सोमवार सुबह विकास खण्ड बैतालपुर और देसही देवरिया के आधा दर्जन विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इसमें अनियमितताएं और बदहाली विद्यालयों में देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान कहीं नामांकित बच्चों के सापेक्ष उपस्थिति दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी, तो कहीं शिक्षक और अनुदेशक बिना सूचना के गायब मिले। लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए बीएसए ने अनुपस्थित अनुदेशक का मानदेय रोकने का आदेश दिया है। साथ ही शिथिल पर्यवेक्षण पर खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
विज्ञापन



बीएसए सुबह नौ बजे प्राथमिक विद्यालय रूच्चपार पहुंचे। यहां नामांकित 102 बच्चों में से 20 बच्चे ही उपस्थित मिले। बीएसए ने प्रधानाध्यापक सहित सभी अध्यापकों को बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए घर-घर जाने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर में उगी घास की तत्काल सफाई कराने को कहा। बीएसए इसके बाद प्राथमिक विद्यालय बरारी प्रथम पहुंचे। विद्यालय में नामांकित 65 बच्चों में से केवल 10 बच्चे उपस्थित मिले। शिक्षामित्र मालती देवी आकस्मिक अवकाश पर थीं, जबकि दूसरी शिक्षामित्र प्रियंका मिश्र बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। बीएसए ने प्रियंका से स्पष्टीकरण मांगा है। विद्यालय की रंगाई-पुताई मानक के अनुरूप न होने और टोल-फ्री नंबर अंकित न होने पर प्रधानाध्यापक को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने की कड़ी हिदायत दी गई। परिसर में बने तीन कमरों के जर्जर भवन की स्थिति भी स्पष्ट करने को कहा गया है।
संविलियन विद्यालय बेलावर दुबावर में के निरीक्षण के दौरान एमडीएम रजिस्टर बीएसए को नहीं मिला। वह स्मार्ट क्लास भी नहीं देख पाए। शिक्षकों ने बीएसए से बताया कि प्रधानाध्यापक कासिम अली सिद्दीकी ने अब तक चार्ज ही नहीं दिया है। इसके चलते एमडीएम रजिस्टर और स्मार्ट क्लास का अवलोकन नहीं हो सकता है। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को दो दिन के भीतर प्रभार सौंपने का निर्देश दिया। विद्यालय में नामांकित 90 बच्चों के सापेक्ष सिर्फ 12 बच्चे उपस्थित मिले। इस पर उपस्थित शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई गई।
विज्ञापन

प्राथमिक विद्यालय जैतपुरा के निरीक्षण में विद्यालय निपुण पाया गया। विद्यालय में स्मार्ट क्लास की सुविधा नहीं मिली। टोल-फ्री नंबर भी विद्यालय की दीवार पर अंकित नहीं था। इसके अलावा, भूमि विवाद के कारण स्कूल की चहारदीवारी का निर्माण अधूरा पाया गया। इस मामले में बीएसए ने खंड विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजने तथा जिला समन्वयक (निर्माण) को विवाद निस्तारण के निर्देश दिए हैं। पीएमश्री विद्यालय सहवां में तकनीकी अनुदेशक अनुज कुमार बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। बीएसए ने उनका एक दिन का मानदेय काटने का आदेश दिया। आईसीटी लैब, कंप्यूटर कक्ष और विज्ञान कक्ष की स्थिति बेहद अस्त-व्यस्त और गंदगी से भरी मिली। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाते हुए दो दिन के भीतर सफाई कार्य पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया है।

निरीक्षण के दौरान विद्यालयों मिली कमियों को देखते हुए बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने विकास खंड बैतालपुर के खंड शिक्षा अधिकारी जयराम और देसही देवरिया के खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्र कड़ी चेतावनी दी। बीएसए ने दोनो बीईओ अपने क्षेत्रों में विद्यालयों का सतत निरीक्षण करने को कहा। साथ ही मिली कमियों को एक सप्ताह के भीतर दूर कराकर लिखित रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें