देवरिया/देसही देवरिया। हेतिमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग ब्लैक स्पॉट बन गया है। यहां एक के बाद एक हो रहे सड़क हादसों में लोग अपनी जानें गवां रहे हैं। सोमवार की रात तो एक बाइक पर सवार चार साथियों की हुई। एक साथ चार मौत ने देवरिया के अलावा कुशीनगर के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया। लगातार हो रही घटनाओं से राहगीर सबक लेते नहीं दिख रहे। एक बाइक पर तीन नहीं अब तो चार युवकों के बेरोकटोक चलने का चलन सा हो गया है। एनएचआई भी इसकी रोकथाम के लिए जरूरी उपाय करने को लेकर गंभीर नहीं दिख रही। यही वजह है कि जिले का करीब दो किलोमीटर का यह एरिया ब्लैक स्पॉट बन गया है।
महुआडीह थानाक्षेत्र मुख्यालय से हेतिमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की सीधी दूरी करीब पंद्रह किलोमीटर है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा से लेकर छोटी गंडक नदी तक का करीब दो किलोमीटर का एरिया जिले के महुआडीह थानाक्षेत्र में आता है। पिछले छह माह में करीब एक दर्जन से अधिक मौतें सड़क हादसों में हो चुकी हैं।
सोमवार की रात साढ़े ग्यारह बजे के करीब कुशीनगर के हाटा कोतवाली के मुंडेरा उपाध्याय गांव के नितेश सिंह का जन्मदिन कुशीनगर मनाकर घर लौट रहे चार साथियों की हेतिमपुर गंडक नदी के पश्चिमी पुल पर सड़क हादसे में एक ही साथ मौत हो गई।
इसमें नितेश के साथ ही हाटा कोतवाली क्षेत्र के ही शहबाजपुर गांव के पिंटू गोंड, महुआडीह थानाक्षेत्र के चक नारायणपुर गांव का अंकित गोंड, कसया कोतवाली क्षेत्र के भैंसहा गांव का अतुल सिंह की भी मौत हो गई।
एक ही बाइक पर चार युवक सवार थे। दूसरी बाइक पर इनके तीन और साथी पीछे से आ रहे थे, जो हादसे के बाद भाग गए। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि हादसे में मरे चारों युवकों के संबंध में पता किया जा रहा है। आज मेला की व्यस्तता थी। गैंग से जुड़े होंगे तो पुलिस अपना काम करेगी।