रामपुर कारखाना। गौतम चक मठिया गांव के एक युवक का शव शनिवार को खेत में मिला। इससे सनसनी फैल गई। युवक शुक्रवार की शाम से लापता था। जानकारी के अनुसार, गौतम चक मठिया निवासी रामसनेही (27) पुत्र हीरालाल शुक्रवार की शाम घर से यह कहकर निकला कि वह कहीं जा रहा है। देर रात जब वह नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर सफलता नहीं मिली। रातभर खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं चला। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने डुमरी-बभनौली मार्ग पर एक ईंट भट्ठे से करीब 200 मीटर दूर धान के खेत में युवक का शव देखा। इंस्पेक्टर गोरखनाथ सरोज ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। गांव में युवक की मौत की खबर फैलते ही शोक और दहशत का माहौल है। संवाद