बाहर से आए 2256 लोग, निगरानी में जुटा स्वास्थ्य महकमा
देवरिया। कोरोना का संकट गहराने के बाद जिले में 2256 लोग दाखिल हुए हैं। ये वही लोग हैं जो देश विदेश में रहकर जीवन यापन कर रहे थे। कोरोना के चलते रोजगार प्रभावित होते ही इन्होंने अपने गांव नगर का रुख कर लिया है। यह आंकड़े अभी 23 मार्च तक के हैं। बीते चार दिनों में सैकड़ों की संख्या में अन्य लोग जनपद की सीमा में दाखिल हुए हैं। जिनका स्पष्ट आंकड़ा जिला प्रशासन को नहीं मिल पाया है। लॉक डाउन होने के बाद भी लोग पैदल, मालगाड़ी व ट्रकों पर सवार होकर रोजाना गांव आ रहे हैं।
बाहर से आए ज्यादातर लोगों की तबीयत खराब है। कोई थकान के चलते तो कोई रास्ते में दूषित जल पीने से बीमार है। कई लोगों को देर सबेर खाना मिलने के कारण सर्दी, खांसी व गले में परेशानी हो रही है। कोरोना जैसे लक्षण मिलने के कारण परिजन उहापोह की स्थिति में हैं। सामाजिक बहिष्कार के डर से वह जांच कराने से भी बच रहे हैं।
सीडीओ शिवशरणप्पा ने बताया कि बीडीओ के नेतृत्व में विभिन्न ग्राम पंचायतों में गठित की गई कमेटी गांवों में बाहर से आने वाले लोगों पर पैनी नजर बनाए हुए है। पंचायत सचिव, एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता देश विदेश से आए लोगों की सूची तैयार कर रहे हैं। इन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजकर जांच कराई जा रही है। जांच में रिपोर्ट निगेटिव मिलने के बावजूद इनपर ध्यान दिया जा रहा है।