संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ पड़ोसी गांव के युवक पर एक साल पहले यौन शोषण का आरोप लगा था। युवक ने थाने में सुलह के बाद कुछ दिनों तक लड़की को अपने घर में रखने के बाद मारपीट कर भगा दिया था।
अब वह एक बच्चे को जन्म दे चुकी है। यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे हैं। मामले की भनक लगते ही शुक्रवार की देर रात अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अरविंद वर्मा और सीओ सदर संजय रेड्डी ने थाने पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की और पीड़िता का बयान दर्ज किया। तरकुलवा पुलिस ने आनन-फानन आरोपी युवक शाकिर उर्फ गुड्डू और उसके पिता अमीन पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। उधर, इस घटना पर राज्य महिला आयोग की सदस्य रितु शाही ने कहा कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 24 की रात करीब 10 बजे थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक 13 साल की नाबालिग लड़की के गांव पहुंच गया। गांव के बाहर से फोन कर उसे खेत में बुलाया और बहला-फुसला यौन शोषण किया। विरोध करने पर मारपीट कर वीडियो बना लिया। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार उसका यौन शोषण करता रहा। कुछ महीने बाद किशोरी के पेट में दर्द होने लगा। परिजनों ने जांच कराया तो पता चला कि वह छह माह की गर्भवती है। इसके बाद पीड़िता को लेकर परिजन थाने पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने सुलह-समझौता करा दिया। आरोपी युवक किशोरी को लेकर पास के एक मस्जिद में जाकर निकाह करने के बाद उसे साथ लेकर घर चला गया। 15 दिन साथ रखने के बाद उसे मारपीट कर मायके भगा दिया, जहां किशोरी ने 17 जनवरी को एक बच्चे को जन्म दिया।
इसके बाद पीड़िता की मां कई बार युवक के घर गई और बेटी को ससुराल बुलाने की गुहार लगाई, मगर आरोपी और उसके परिजन इसके लिए राजी नहीं हुए। पीड़िता की मां ने कई बार थाने पर इसकी शिकायत की। जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो उसने 18 अप्रैल को एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इधर, नाबालिग के बच्चा जन्म की खबर को किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।