रुद्रपुर। नगर के शिवाला वार्ड में रविवार की दोपहर बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिवाला वार्ड निवासी राजन सैनी की शादी करीब चार माह पहले महराजगंज जिले के परतावल निवासी शोभा (25) से हुई थी। राजन समारोहों में सजावट का काम करता है। परिजन के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले मोबाइल पर किसी से बात करने पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि, रविवार को हुई घटना का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि रविवार की दोपहर करीब तीन बजे राजन किसी काम से बाजार गया था। कुछ देर बाद घर लौटने पर शोभा कमरे में फंदे से लटकी मिली। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।