कसया। रामकोला थाना के गांव रामबर बुजुर्ग से होकर गुजर रही प्रेमपुर रजवाहा में शनिवार को नवजात शिशु का शव दिखा। आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई। मौके पर भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार ग्राम सभा रामबर बुजुर्ग से फुर्सतपुर होते प्रेमपुर रजवाहा बह रही है। शनिवार को नहर किनारे मौजूद लोगों की नजर अचानक पानी में एक नवजात शिशु के शव पर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव पानी में बहता हुआ दिखाई दे रहा था, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। देखते ही देखते खबर आसपास के गांवों में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आपस में पूछताछ कर नवजात की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात का शव नहर में कैसे पहुंचा। इस संबंध में रामकोला एसओ धनवीर सिंह ने बताया कि इस तरह की घटना की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी कराई जा रही है। उसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।