देवरिया/भटनी। कोहरे के चलते दिल्ली, मुंबई, पंजाब और गुजरात से आने -जाने वाली ट्रेनों की रफ्तार रुक सी गई है। ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। उन्हें घंटों रेलवे स्टेशन पर बैठकर प्रतीक्षा करनी पड़ी रही है।
बुधवार को नई दिल्ली-बरौनी व बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस 14 घंटे की देरी से देवरिया रेलवे स्टेशन पहुंची। वही प्रयागराज रामबाग से गोरखपुर कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन आठ घंटे और नई दिल्ली से सहरसा जाने वाली डाउन वैशाली सुपर फास्ट एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से आई। कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार रोक दी है। इसका सीधा नुकसान यात्रियों को हो रहा है। बुधवार को नई दिल्ली -दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस 12 घंटे, नई दिल्ली -बरौनी क्लोन एक्सप्रेस 14 घंटे, नई दिल्ली -दरभंगा एक्सप्रेस आठ घंटे, प्रयागराज रामबाग -गोरखपुर कुंभ मेला स्पेशल आठ घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस पांच घंटे, नई दिल्ली -सहरसा वैशाली सुपरफ़ास्ट एक्सप्रेस छह घंटे, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ढाई घंटे, जम्मू तवी -भागलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस ढाई घंटे, अमृतसर गरीब रथ तीन घंटे विलंब से देवरिया व भटनी रेलवे स्टेशनों पर पहुंची।
वही लखनऊ-पटना पाटलीपुत्र एक्सप्रेस, अमृतसर -सहरसा जनसेवा एक्सप्रेस, कर्मभूमि एक्सप्रेस, बापूधाम एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस, छपरा पैसेंजर, जनसेवा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें निरस्त रहीं। ट्रेनों के लेटलतीफी और निरस्त से रेल यात्रियों के सामने मुश्किलें पैदा हो गई है।
देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे रमेश अग्रवाल, शालिनी शर्मा ने बताया कि ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रा का प्लान चौपट हो जा रहा है। दिल्ली व मुंबई से आने-जाने वाली ट्रेनों का बुरा हाल है। ठंड के मौसम में कंपकपाते हुए यात्रियों को पांच से दस घंटे तक रेलवे स्टेशन पर बैठ कर प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। भटनी के स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि कोहरे के चलते ट्रेनें विलंब हो रही है। ट्रेनों के लेट होने से रेल यात्रियों को संभालना मुश्किल हो रहा है। ट्रेनों को समय चलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।