भागलपुर। नई कार, नई खुशियां और परिवार का भविष्य संवारने का सपना... दो महीने पहले इरफान अंसारी उर्फ राज ने अर्टिगा खरीदी तो घर में खुशियां छा गई थीं। पूरे गांव में मिठाई बांटी गई मगर सड़क हादसे ने एक झटके में उसके सारे सपने और परिवार की खुशियां छीन लीं।
मां हसीना ने बेटे को संभलकर गाड़ी चलाने की हिदायत दी, जबकि दुबई में रह रहे पिता इश्तियाक ने परिवार का ख्याल रखने को कहा था। चार भाइयों में बड़े इरफान ने कहा था कि इसी कार से वह परिवार की जिंदगी बेहतर करेगा। इरफान के पिता ने बेटे की जिद पर करीब दो माह पहले कार खरीदी थी। इरफान इसी से दोस्तों के साथ क्रिकेट मैच खेलने जाता था।
परिवार वालों के मुताबिक, सोमवार को वह दोस्तों के साथ पहले सीतामढ़ी और फिर लखनऊ गया था। मंगलवार की शाम मैच खेलने के बाद चारों उसी कार से लौट रहे थे।
रात करीब 10:30 बजे चारों एक्सप्रेसवे पर खाना खाने के लिए रुके। इसके बाद आगे बढ़े तो नींद आने लगी। एक्सप्रेसवे के किनारे गाड़ी रोकने पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने वहां वाहन खड़ा न करने की सलाह दी और ढाबे पर जाने को कहा।
चारों ढाबे पर सो गए। भोर में घर के लिए निकले मगर कुछ ही देर बाद उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे की खबर घर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं। जिस कार को इरफान परिवार की नई शुरुआत मान रहा था, उसी में उसकी जिंदगी का सफर खत्म हो गया।