खुखुंदू के पिपरा खेमकरण गांव में मृतक संदीप के परिजनों को से घटना की जानकारी लेती पुलिस
खुखुंदू। पिपरा खेमकरण गांव में चाचा की हत्या के मामले में पुलिस ने भतीजे पर हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार की रात बरामदे में बैठे चाचा पर भतीजे ने फावड़े से कई वार कर दिए थे। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
गांव निवासी तेज बहादुर राजभर के बेटे 21 वर्षीय संदीप राजभर पर फावड़े से हमला किया गया था। बताया जा रहा है कि संदीप अपनी पत्नी मुस्कान से कहासुनी कर रहा था। इसी दौरान भतीजे राजकुमार राजभर ने खुद को गाली देने का आरोप लगाते हुए बरामदे में बैठे चाचा पर फावड़े से कई वार कर दिए।
गंभीर रूप से घायल संदीप को परिजन मेडिकल कॉलेज देवरिया ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मां गुड्डी देवी की तहरीर पर भतीजे राजकुमार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की निगरानी में रविवार शाम शव का अंतिम संस्कार कराया गया। ग्रामीणों के अनुसार, संदीप पेंटिंग का काम कर परिवार चलाता था।
उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इंस्पेक्टर बीबी राजभर ने बताया गांव में शांति व्यवस्था कायम है।