...फोटो समाचार
बढ़ने लगे हैं फलों के दाम, मंदिरों के बाहर सजने लगी हैं पूजन सामग्री की दुकानें
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। चैत्र नवरात्र मंगलवार से शुरू हो रहा है। नवरात्र प्रतिपदा से नौ दिन तक उपासक मंदिरों व घरों में देवी की उपासना की तैयारी कर रहे हैं।
जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवरही मंदिर, अहिल्यापुर, लाहिलपार, अमेठी माई मंदिर, नगरवा धूस, भीखमपुर रोड स्थित काली मंदिर पर पूजन, अर्चन, धार्मिक अनुष्ठान, सुबह व शाम की आरती होगी। पर्व को देखते हुए बाजार भी उपासकों के लिए सज गया है। मंदिरों के बाहर पूजन सामग्री की दुकानें भी आकर्षण का केंद्र बन रही हैं। सोमवार को ही फलों के दाम में दुकानदारों ने वृद्धि कर दी।
वासंतिक नवरात्र इस बार पूरे नौ दिनों का होगा। जो नौ अप्रैल से प्रारंभ और 17 अप्रैल दिन बुधवार को समाप्त होगा। व्रत का पारण 18 मार्च दिन बृहस्पतिवार को होगा। मंगलवार से सर्वार्थ सिद्धि योग तथा अमृत योग में नवरात्र का आरंभ होने से वर्ष अनुकूल रहेगा। इस दिन सूर्योदय 5:46 बजे और प्रतिपदा तिथि का मान संपूर्ण दिन और रात्रि में 9:44 बजे तक, रेवती नक्षत्र प्रातःकाल 8:09 बजे तक, पश्चात अश्विनी नक्षत्र रहेगा। वैधृति योग दिन में 3:17 बजे तक इसके बाद विषकुंभ योग है।
ज्योतिषाचार्य पं. शरद चंद मिश्र ने बताया कि नवरात्र में सप्तमी, अष्टमी और नवमी तिथियों का सर्वाधिक महत्व है। 15 अप्रैल दिन सोमवार को महासप्तमी व्रत होगा। इस दिन सूर्योदय 5:42 मिनट पर और सप्तमी दिन में 3:38 बजे तक इसके बाद अष्टमी तिथि है। इस दिन अर्धरात्रि में अष्टमी होने से महानिशा पूजा इसी दिन संपन्न होगी। महाष्टमी 16 अप्रैल को है। इस दिन सूर्योदय 5:41 बजे पर और अष्टमी तिथि दिन में 4:17 बजे तक इसके बाद नवमी तिथि होगी। उदयातिथि में अष्टमी होने से महाष्टमी व्रत के लिए यही दिन मान्य रहेगा।
जो आदि और अंत का नवरात्र व्रत करते हैं, उनके लिए यह दिन सर्वोत्तम है। महानवमी 17 अप्रैल दिन बुधवार को है। इस दिन सूर्योदय 5:40 बजे और नवमी तिथि सायंकाल 5:22 बजे तक है। सूर्योदय से लेकर सांयकाल तक नवमी तिथि विद्यमान होने से यह महानवमी के लिए ग्राह्य है। जो साधक प्रथम और अंतिम दिन नवरात्र व्रत रखना चाहते हैं, वे नौ अप्रैल को और 16 अप्रैल को व्रत रखेंगे।
देवरही मंदिर में चलती रहीं तैयारियां
देवरही मंदिर के व्यवस्थापक विवेक उपाध्याय ने बताया कि सोमवार को परिसर की साफ-सफाई कराई गई। मंगलवार को भोर में साढ़े चार बजे मंगला आरती होगी। इसके बाद मंदिर भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा। मंदिर में सप्तमी, अष्टमी व नवमी को विशेष पूजन, जागरण का आयोजन होगा।
कलश स्थापना के लिए यह होगा शुभ मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य विवेक उपाध्याय ने बताया कि नवरात्र में कलश स्थापन दिन में ही किया जाता है। रात्रि में कलश स्थापन का निषेध है। इस वर्ष सूर्योदय 5:46 बजे और सूर्यास्त सायंकाल 6:14 बजे है। इस बीच कभी भी कलश की स्थापना की जा सकती है। हालांकि, द्विस्वभाव लग्न कलश स्थापन के लिए अत्यंत उत्तम माना गया है। अभिजीत मुहूर्त दिन में 11:36 बजे से 12:24 बजे तक है। इसे कलश स्थापना के लिए अत्यंत श्रेयस्कर माना जाता है।