महिला व उसके परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही बरतने का लगाया आरोप
कार्रवाई की मांग पर पूरी रात अड़े रहे परिजन, डिप्टी सीएमओ ने दिया जांच का आश्वासन तब गए घर
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीबाजार। स्थानीय सीएचसी पर रविवार की रात को एक महिला के प्रसव के बाद नवजात की मौत हो गई। परिजन स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्साधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे और पूरी रात मृत नवजात के शव को लेकर सीएचसी पर जमे रहे। सूचना पर पहुंचे डिप्टी सीएमओ के आश्वासन पर वे शव को लेकर गए।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सेखुई गांव निवासी अंजू राव (25) पत्नी राजीव राव को रविवार को प्रसव पीड़ा हुई। परिवार के लोग उसे लेकर गौरीबाजार सामुदायिक स्वस्थ केंद्र पर पहुंचे। जहां देर शाम को उसे लड़की पैदा हुई। पैदा होने के करीब आधे घंटे के अंदर ही बच्ची की मौत हो गई। नवजात शिशु की मौत के बाद परिवार के लोग स्वास्थ्य कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आलाधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। परिजन नवजात के शव को लेकर पूरी रात सीएचसी पर ही बैठे रहे। गौरी बाजार स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक बीएन गिरी ने बताया कि महिला का सुरक्षित प्रसव हुआ है। महिला द्वारा मासूम को दुग्ध पान की सूचना मिली है। बाद में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले में दोषी स्वास्थ्य कर्मियों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। इसकी सूचना विभागीय उच्च अधिकारियों को दी गई थी।
सूचना मिलते ही सोमवार की सुबह उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एसके चौधरी ने जांच एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद महिला के परिजन मासूम के शव को लेकर घर लौट गए।