संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल काॅलेज में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। इसके नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। संसाधन भी मंगाए जा रहे हैं। करीब छह माह में इसके स्थापित होने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से मरीजों को काफी सहूलियत हाेगी।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार बरनवाल के निर्देश पर इसको लेकर कार्य भी शुरू कर दिया गया है। अभी केंद्र पांच बेड का होगा। इसके लिए मानसिक रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. अंबू पांडेय को केंद्र के नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। बुधवार को सीएमएस ने उनसे वार्ता की और जरूरी संसाधन के बारे में जानकारी लेते हुए सूची मांगी है। इसमें मानव संसाधन, उपकरण, पैथोलाॅजी जांच आदि शामिल हैं।
अभी तक अस्पताल में यह व्यवस्था नहीं है। जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्हें इलाज के लिए गोखरपुर, वाराणसी व लखनऊ की ओर रुख करना पड़ता है। या फिर निजी अस्पताल का सहारा लेना पड़ता है। निजी सेंटरों में इलाज में लिए मोटी रकम चुकानी पड़ती है। यहां इसके शुरू होने से काफी सहूलियत होगी और समय के साथ ही पैसे की बचत होगी।
मेडिकल कॉलेज में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। मानव संसाधन और उपकरण सहित अन्य सामग्री मंगाने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके बाद स्थान चिह्नित कर लिया जाएगा। आने वाले दिनों में मरीजों के लिए सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
-डॉ. एचके मिश्रा, सीएमएस