संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। श्री तिरुपति बालाजी मंदिर कसया रोड में रविवार को धूमधाम से नंदोत्सव मनाया गया। श्रद्धालु पूरे समय सोहर गीतों पर झूमते रहे। मंदिर में भक्तिगीतों की सुर लहरियां बहती रहीं।
श्री तिरुपति बालाजी मंदिर में स्वामी राजनारायणाचार्य ने भगवान का पूूजन कर नंदोत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद भजन कीर्तन शुरू हो गया।
नंद के घर अनंद भयो जय कन्हैया लाल की..., जन्मे गोकुल में श्याम..., जायो जशोदा जी के लल्ला, हल्ला भयो....., तेरी गोद में लल्ला बधाई दे दो......., बधाई बाजे नंद महल में..., तेरे लाल की सुन मैं आई, यशोदा..., आदि गीतों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। जैसे जैसे भजन आगे बढ़ता गया, स्वामी जी ने बच्चों के बीच खूब खिलौने और टॉफी आदि लुटाए। भगवानकके इस प्रसाद को पाने के लिए बच्चों से लेकर बड़े तक टूट पड़े। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल भी पहुंची। उन्होंने भगवान के दर्शन पूजन कर नंदोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर अशोक अग्रवाल, मुक्तिनाथ तिवारी, संजय जाखोदिया, अशोक अग्रवाल, रतन अग्रवाल, कमला अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।